आधुनिक खेती, कृषि ऋण और डिजिटल बैंकिंग से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
चतरा। बैंक ऑफ इंडिया, चतरा द्वारा शनिवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) सह प्रशिक्षण भवन सभागार में किसान दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को बैंकिंग सेवाओं, कृषि वित्तपोषण एवं सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भर कृषि को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैंक ऑफ इंडिया, प्रधान कार्यालय के महाप्रबंधक अमिताभ बनर्जी ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया किसानों के सर्वांगीण विकास और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), कृषि ऋण, डिजिटल बैंकिंग और बैंक की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर वित्तीय सहायता मिलने से कृषि उत्पादन के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
अंचल प्रबंधक नरेंद्र कुमार ने कृषि वित्तपोषण और वित्तीय समावेशन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार बताते हुए बैंक द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एहसान अहमद, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मृत्युंजय बक्शी, कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक तथा जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं, आजीविका संवर्धन और वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसान माह के तहत स्वीकृत लगभग छह करोड़ रुपये के कृषि ऋण के स्वीकृति पत्र किसानों के बीच वितरित किए गए। ऋण प्राप्त करने वाले किसानों ने बैंक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी कृषि गतिविधियों को गति मिलेगी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सुना, बैंकिंग सेवाओं से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा कृषि एवं बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के अंचल प्रबंधक नरेंद्र कुमार, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एहसान अहमद, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मृत्युंजय बक्शी, कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखा प्रबंधक, अधिकारी एवं जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।






















Total Users : 1081789
Total views : 2885788