लोहरदगा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार सुबह जहरीले सांप के काटने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। तीनों मामलों में परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। तीनों मरीजों का चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा था। समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण सभी को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। सेन्हा थाना क्षेत्र के बदला गांव निवासी निखिल कुमार (25 वर्ष), पिता राजेश महतो, शनिवार सुबह लगभग 8:30 बजे अपने घर के समीप थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया।
दूसरी घटना कुडू थाना क्षेत्र के हेंजला गांव की है। यहां सलिंद्र साहू 52 वर्ष, पिता स्वर्गीय हरिचंद साहू, शनिवार सुबह लगभग 9:00 बजे प्रतिदिन की तरह अपने निजी कार्य के लिए कार्यस्थल जा रहे थे। इसी क्रम में रास्ते में जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया गया। तीसरी घटना भंडरा थाना क्षेत्र के बिटपी गांव की है। गांव निवासी उमेश लकड़ा (20 वर्ष), पिता प्रदीप उरांव, शनिवार सुबह लगभग 7:00 बजे खेत में काम करने के दौरान जहरीले सांप के डसने का शिकार हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया।
सदर अस्पताल में तीनों मरीजों का इलाज किया गया। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा करने के बजाय मरीज को बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार मिलने से किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।






















Total Users : 1081765
Total views : 2885760