जिला उप निर्वाचक पदाधिकारी ने कहा— त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत नींव
गिद्धौर (चतरा)। जिला उप निर्वाचक पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने शनिवार को गिद्धौर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला उप निर्वाचक पदाधिकारी ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को नए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने तथा सभी मतदाताओं के विवरण का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसआईआर कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाएं।
उन्होंने आम लोगों से भी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव, बीपीआरओ दिगम्बर पांडे, प्रियंका प्रिया सहित अन्य प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने एसआईआर से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। जिला उप निर्वाचक पदाधिकारी ने आवश्यक सुझाव देते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।






















Total Users : 1081789
Total views : 2885788