खेत से लौटने के दौरान चाबी उठाते समय हुआ हादसा, पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कुंदा (चतरा)। कुंदा थाना क्षेत्र के मरगड़ा गांव में बुधवार की शाम हुए एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय महेश गंझु की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ब्रमदेव गंझु के पुत्र महेश गंझु के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश गंझु बुधवार की शाम करीब 7 बजे खेत में ट्रैक्टर से हल जोतने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में मरगड़ा स्कूल के समीप उन्होंने ट्रैक्टर खड़ा किया। इसी दौरान ट्रैक्टर की चाबी नीचे गिर गई। जब वह चाबी उठाने के लिए नीचे उतरे, तभी ट्रैक्टर ढलान पर लुढ़क गया और उनके ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी उर्मिला देवी सहित पांच बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से आपदा राहत मद के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।





















Total Users : 1078315
Total views : 2880832