जिमा चौक के पास अचानक बिगड़ी तबीयत, समय पर 108 एम्बुलेंस पहुंचने से बची जान
लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत जिमा चौक के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां चलती मोटरसाइकिल से गिरकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान जिमा गांव निवासी 45 वर्षीय इस्लाम अंसारी (पिता: स्वर्गीय छेदी अंसारी) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस्लाम अंसारी अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जिमा चौक स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, अचानक उन्हें तेज चक्कर आने लगा और शारीरिक कमजोरी महसूस हुई। संतुलन बिगड़ने के कारण वह चलती मोटरसाइकिल से सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। एम्बुलेंस के समय पर पहुंचने से घायल को तुरंत सदर अस्पताल, लोहरदगा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण घायल की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस सेवा की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। वहीं परिजन और शुभचिंतक इस्लाम अंसारी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।




















Total Users : 1078303
Total views : 2880815