तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, चालक फरार; वाहन जब्त
लोहरदगा। लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के जोगना मोड़ के समीप गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 50 वर्षीय सफरुद्दीन अंसारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वे वर्षों से बत्तख के चूजों का कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज की तरह कारोबार के सिलसिले में निकले सफरुद्दीन की जिंदगी तेज रफ्तार ट्रेलर ने पलभर में छीन ली।
मृतक के परिजनों ने बताया कि सफरुद्दीन अंसारी बत्तख के चूजे लेकर अरू से लोहरदगा की ओर अपनी टीवीएस बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान गुमला की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि सेन्हा थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फरार ट्रेलर को लातेहार जिले के चंदवा क्षेत्र में पकड़ लिया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। सफरुद्दीन अंसारी की असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मेहनत-मजदूरी और बत्तख के चूजों के कारोबार से परिवार का पालन-पोषण करने वाले सफरुद्दीन के निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई, नियमित वाहन जांच और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।






















Total Users : 1078302
Total views : 2880812