उपायुक्त की अध्यक्षता में आत्मा व राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन की समीक्षा बैठक, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय एवं जिला स्तरीय राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने तथा योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
आत्मा शासकीय निकाय की बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान संचालित अंतर्राज्यीय, राज्यस्तरीय एवं जिला स्तरीय प्रशिक्षण, अध्ययन भ्रमण एवं प्रत्यक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त रवि आनंद ने निर्देश दिया कि अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण के लिए ऐसे राज्यों और संस्थानों का चयन किया जाए, जहां की उन्नत कृषि तकनीकों और नवाचारों से जिले के किसान अब तक परिचित नहीं हो सके हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए किसानों को प्रतिष्ठित संस्थानों में भेजा जाए, ताकि वे आधुनिक खेती का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर जिले में उसका प्रभावी उपयोग कर सकें।
उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से समन्वय स्थापित कर कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में प्रशिक्षण की संभावनाएं तलाशने का निर्देश दिया। वहीं राज्य स्तर पर बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, रांची सहित अन्य सरकारी कृषि संस्थानों के माध्यम से अधिकाधिक किसानों को प्रशिक्षण देने पर बल दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक खेती और नवाचारों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। प्रशिक्षण और अध्ययन भ्रमण से प्राप्त ज्ञान का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और कृषि अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बन सके।
इसके बाद आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) कार्यकारिणी समिति की बैठक में वर्ष 2025-26 के तहत संचालित एनएफएसएम पल्स, आत्मनिर्भरता इन पल्सेस, कोर्स सीरियल्स, न्यूट्री सीरियल्स, खाद्य तिलहन, एनएफएसएम राइस एवं टीआरएफए पल्स योजनाओं की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक कार्य का समुचित अभिलेखीकरण करने तथा योजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों के स्पष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण फोटोग्राफ सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की प्रगति का प्रभावी दस्तावेजीकरण हो सके।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज एवं कृषि संसाधनों से जोड़कर कृषि उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि करना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष बृज किशोर तिवारी, जिला कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान, जल संसाधन विभाग एवं विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
























Total Users : 1059461
Total views : 2854644