चौपारण। हजारीबाग जिले केचौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहमोरिया गांव में मंगलवार को बिजली के करंट से बड़ा हादसा हो गया। कुएं के पास बिजली के जर्जर तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के छह लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में 48 वर्षीय नरेश भुइया की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची, दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, आठ वर्षीय ईशा कुमारी घर के पास स्थित कुएं के समीप गई थी। इसी दौरान वह बिजली के तार की
चपेट में आ गई। बच्ची को बचाने के लिए परिजन दौड़े, लेकिन एक-एक कर सभी करंट की चपेट में आ गए। इस दौरान ईशा के पिता नरेश भुइया (48 वर्ष) की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरेश भुइया को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में डॉ. डीएन ठाकुर, डॉ.
पुष्पा कुमारी और डॉ. मनोज गुप्ता की देखरेख में घायलों का उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है। घायलों में रीना देवी (45 वर्ष), ईशा कुमारी (8 वर्ष), कुंजियां देवी (50 वर्ष), भुनेश्वर भुइया (60 वर्ष) तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने और क्षेत्र में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।






















Total Users : 1059434
Total views : 2854605