बंगाल से पहुंची थी डिलीवरी; एसपी के निर्देश पर SDPO की टीम ने आधी रात को कच्ची सड़क पर घेराबंदी कर दबोचा
देवघर | न्यूज स्केल लाइव
बाबा नगरी देवघर की पुलिस ने नशा माफिया और प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने संगठित तरीके से चल रहे एक अंतर-राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 4 शातिर तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस बड़ी सफलता की आधिकारिक पुष्टि पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान की।
रात के 12:15 बजे कच्ची सड़क पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि 17 मई की आधी रात (करीब 12:15 बजे) पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से कार के जरिए ब्राउन शुगर की एक बड़ी खेप लेकर कुछ सप्लायर मोहनपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे हैं और वहां स्थानीय खरीदारों (रिसिवर्स) के साथ बड़ी डील होने वाली है। सूचना के तत्काल सत्यापन और अपराधियों को दबोचने के लिए एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र के बड़ा झरना-खरगडीहा जाने वाली कच्ची सड़क के पास रणनीतिक घेराबंदी की और मौके पर ही डील कर रहे चारों आरोपियों को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
बंगाल के 2 सप्लायर और देवघर के 2 नामी रिसिवर गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में दो पश्चिम बंगाल के बड़े सप्लायर और दो देवघर के कुख्यात स्थानीय खरीदार शामिल हैं। मौके पर की गई तलाशी में पुलिस को दो अलग-अलग पैकेटों में बंद 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची: शेख इस्ताजुल (सप्लायर – दुबराजपुर, वीरभूम, पश्चिम बंगाल) मीर समद (सप्लायर – दुबराजपुर, वीरभूम, पश्चिम बंगाल) रोहित कुमार (रिसिवर – लातेसार, मोहनपुर, देवघर) नीरज कुमार महथा (रिसिवर – बरमसिया, नगर थाना, देवघर)
जब्त की गई सामग्री और गाड़ियां: प्रतिबंधित ब्राउन शुगर: 102.14 ग्राम (अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 20 लाख रुपये) नकद राशि (कैश): 1,49,300 रुपये (डील के दौरान बरामद) वाहन: 01 काले रंग की i-10 कार (पश्चिम बंगाल नंबर) और 01 मोटरसाइकिल * मोबाइल फोन: 05 पीस (जिसमें कई बड़े ड्रग्स सप्लायरों के राज दफन हैं)
डेढ़ लाख में बिकी थी पहली पुड़िया, दूसरी की डिलीवरी से पहले पहुंची पुलिस
पुलिस पूछताछ में मुख्य सप्लायर शेख इस्ताजुल ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के शेख मोजामिल की आई-10 कार लेकर देवघर सप्लाई देने आया था। उसने मौके पर एक पैकेट नीरज कुमार महथा को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था, जबकि दूसरा पैकेट वह रोहित कुमार को देने ही वाला था कि भुगतान की देरी के बीच पुलिस ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सड़क मार्ग का उपयोग कर पहले भी कई बार झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप खपा चुके हैं।
जमानत पर छूटते ही फिर शुरू किया धंधा, दर्ज हैं कई केस
पकड़े गए देवघर के दोनों स्थानीय तस्करों का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है:
नीरज कुमार महथा: इसके खिलाफ देवघर नगर थाना में पूर्व से 5 गंभीर मामले दर्ज हैं।
रोहित कुमार: इसके खिलाफ साइबर थाना और मोहनपुर थाना में पूर्व से 2 मामले दर्ज हैं।
ये दोनों शातिर अपराधी हाल ही में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आए थे और बाहर आते ही दोबारा संगठित रूप से नशे के इस काले कारोबार में सक्रिय हो गए थे। पुलिस अब इनके पूरे वित्तीय और आपराधिक नेटवर्क को खंगाल रही है।
इस बड़े ऑपेरशन को सफल बनाने में एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी संदीप कृष्णा, बाबा मंदिर थाना के एसआई प्रियरंजन कुमार, एसआई श्वेत प्रकाश दूबे, घासीराम मार्डी, एएसआई सुरेश कुमार रवानी, मुकेश कुमार सिंह, राकेश कुमार रंजन सहित तकनीकी शाखा के आरक्षी रियाजुल हक, धीरज कुमार, प्रभात कुमार और पुलिसकर्मी रामकुमार साह व लक्ष्मण गोप की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।
Also Read: करीब 4 KG अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार; हजारीबाग भागने की फिराक में था आरोपी




















Total Users : 968766
Total views : 2730933