एसपी ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा; अफीम का वजन बढ़ाने के लिए थैले में रखा था 2 किलो गुड़, सिमरिया SDPO के नेतृत्व में पुलिस ने दबोचा
चतरा-गिद्धौर | न्यूज स्केल लाइव
चतरा पुलिस ने नशा माफिया और अफीम तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ गांव के पास से भारी मात्रा में अवैध अफीम के साथ एक शातिर तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। शनिवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक उच्च स्तरीय प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने इस बड़ी कामयाबी का विधिवत खुलासा किया।
गुप्त सूचना पर सिमरिया SDPO के नेतृत्व में एक्शन
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि 16 मई 2026 को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जपुआ गांव का एक व्यक्ति थैले में अवैध अफीम लेकर चतरा-हजारीबाग मुख्य सड़क से बस पकड़ने की फिराक में है, ताकि वह अफीम की खेप को हजारीबाग खपा सके। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भउसाहेब (IPS) के नेतृत्व में एक त्वरित छापामारी दल का गठन किया गया।
झाड़ी की तरफ भागा, पुलिस ने खदेड़कर दबोचा
गठित छापामारी दल जैसे ही जपुआ गांव के पास चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर पहुंची, तो सड़क किनारे एक व्यक्ति थैला लिए संदेहास्पद स्थिति में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख वह घबरा गया और सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों की तरफ भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए उसे खदेड़कर धर दबोचा।
जांच में खुला ‘गुड़ का खेल’: 4 KG अफीम और 2 KG गुड़ बरामद
जब पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी ली गई, तो उसके पहने हुए पैंट की जेब से एक वीवो (Vivo) कंपनी का स्मार्टफोन और दाहिने हाथ में रखे थैले के अंदर से तीन अलग-अलग प्लास्टिक की थैलियों में बंद काले रंग का अर्ध-ठोस पदार्थ बरामद हुआ।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुलिस के सामने एक चौंकाने वाला हथकंडा स्वीकार किया: वजन बढ़ाने की तरकीब: आरोपी ने बताया कि दो प्लास्टिक की थैलियों में शुद्ध अफीम है, जबकि तीसरी थैली में गुड़ जैसा पदार्थ है। वह अफीम की मात्रा और वजन बढ़ाने के लिए उसमें गुड़ मिलाकर तस्करी करता था। जांच रिपोर्ट: पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच (प्रथम दृष्टया) में दो प्लास्टिक की थैलियों में रखे पदार्थ के अफीम होने की पुष्टि हुई है, जबकि तीसरी थैली (गुड़ वाले पदार्थ) में अफीम की पुष्टि नहीं हुई।
Also Read: शिव मंदिर में माँ पार्वती की प्रतिमा खंडित; श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस
जप्त किए गए सामानों की विवरणी: अवैध अफीम: कुल वजन 3.972 किलोग्राम (करीब 4 किलो) गुड़ जैसा पदार्थ (मिलावट के लिए): वजन करीब 02 किलोग्राम स्मार्टफोन: वीवो (Vivo) कंपनी का 01 पीस मोबाइल
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण: नाम: रामचरण दांगी उर्फ रामचंद्र दांगी (उम्र करीब 35 वर्ष) पिता: स्व. चमन दांगी पता: ग्राम-जपुआ, थाना-गिद्धौर, जिला-चतरा।
इस संदर्भ में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की सुसंगत और कड़ी धाराओं के तहत गिद्धौर थाना कांड संख्या 55/26 (दिनांक 16.05.2026, धारा- 18(B)/22(C)/27(A)/28/29) दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस सफल ऑपेरशन को अंजाम देने वाली टीम में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भउसाहेब (IPS), सदर अंचल चतरा के पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) बिपिन कुमार, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार पांडेय और गिद्धौर थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे। एसपी ने पूरी टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।





















Total Users : 969049
Total views : 2731294