लोहरदगा : आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। इसी कड़ी में आज (15 मई) समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने ‘जनता मिलन कार्यक्रम’ के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उपायुक्त ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को उनके जल्द समाधान के कड़े निर्देश दिए।
इन प्रमुख समस्याओं को लेकर पहुंचे थे रैयत और आमजन
जनता मिलन कार्यक्रम में जमीन, राशन और शिक्षा से जुड़े कई गंभीर मामले उपायुक्त के समक्ष आए, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
लोहरदगा बाईपास पथ मुआवजा: बाईपास सड़क निर्माण को लेकर रैयतों को मिलने वाली अवार्ड मनी (मुआवजा राशि) के भुगतान का मामला प्रमुखता से उठा।
राजस्व मामले: उत्तराधिकार दाखिल-खारिज (Mutation) और जमीन के म्यूटेशन से जुड़ी शिकायतें।
जन वितरण प्रणाली: राशन कार्ड में सुधार और नाम जोड़ने/हटाने से संबंधित मामले।
शिक्षा: बच्चों के विद्यालयों में नामांकन (Admission) को लेकर आ रही दिक्कतें।
हर मंगलवार और शुक्रवार को सीधे मिल सकते हैं उपायुक्त
जिला जनसम्पर्क कार्यालय (PRD) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, लोहरदगा जिला वासियों की सहूलियत के लिए यह जनता मिलन कार्यक्रम बेहद प्रभावी साबित हो रहा है। आम नागरिक अपनी किसी भी समस्या या शिकायत को लेकर प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को दोपहर 1:00 बजे सीधे उपायुक्त से मुलाकात कर सकते हैं।
मौके पर ये अधिकारी रहे मौजूद
आज आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त (प्रभार में) सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे आमजन उपस्थित थे।





















Total Users : 964840
Total views : 2725539