जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में राज्यपाल ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ; समारोह में शामिल हुए राहुल गांधी, 9 अन्य नेताओं ने भी ली मंत्री पद की शपथ
तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के तौर पर सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) ने रविवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही विजय पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आए। अपनी सरकार के पहले बड़े फैसलों के तौर पर उन्होंने राज्य में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने और महिलाओं/नागरिकों की सुरक्षा के लिए ‘सिंगापेन’ (Singappen) स्पेशल टास्क फोर्स बनाने का ऐतिहासिक ऐलान किया है। शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद, स्टेडियम में ही वरिष्ठ अधिकारियों और नवनियुक्त मंत्रियों की मौजूदगी में सीएम विजय ने इन अहम सरकारी फाइलों पर दस्तखत किए। यह कदम टीवीके (TVK) सरकार के जनकल्याण और सुशासन के एजेंडे की एक मजबूत शुरुआत माना जा रहा है। राज्यपाल ने दिलाई शपथ, गूंजा स्टेडियम जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। जैसे ही उन्होंने ‘सी. जोसेफ विजय’ के नाम से शपथ पढ़ना शुरू किया, स्टेडियम में मौजूद हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और फिल्म प्रशंसकों ने जोरदार नारों और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। इस शपथ ग्रहण के साथ ही तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में एक नए युग की शुरुआत हो गई और राज्य की पारंपरिक द्रविड़ पार्टियों (DMK-AIADMK) का दशकों पुराना वर्चस्व हमेशा के लिए समाप्त हो गया।
120 विधायकों के समर्थन से बनी सरकार बता दें कि हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 234 सदस्यों वाले सदन में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। हालांकि, पार्टी बहुमत के जादुई आंकड़े (118) से कुछ कदम पीछे रह गई थी। लेकिन बाद में कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने इस गठबंधन को अपना समर्थन दे दिया, जिससे सरकार की ताकत बढ़कर 120 विधायकों तक पहुंच गई है।
राहुल गांधी और फिल्मी सितारों का लगा जमावड़ा इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में कई जाने-माने राजनेता और फिल्मी हस्तियां शामिल हुईं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, गठबंधन के वरिष्ठ नेता, विजय के माता-पिता, रिश्तेदार, दोस्त और तमिल फिल्म इंडस्ट्री की कई नामचीन हस्तियों ने इस समारोह की शोभा बढ़ाई। समारोह में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। चेन्नई पुलिस कमिश्नर की देखरेख में पांच अतिरिक्त कमिश्नर और 12 संयुक्त कमिश्नरों ने सुरक्षा का जिम्मा संभाला। स्टेडियम के अंदर सिर्फ करीब 6,000 मेहमानों को ही वीआईपी (VIP) पास के जरिए प्रवेश की अनुमति दी गई थी। विजय की कैबिनेट: इन 9 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ मुख्यमंत्री विजय के साथ-साथ उनके नए मंत्रिमंडल के 9 अन्य सदस्यों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोत्तैयान, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु, और एस. कीर्तना शामिल हैं।






















Total Users : 962613
Total views : 2722462