देसी कट्टा व कारतूस बरामद, पुलिस ने टाली बड़ी घटना
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर संभावित बड़ी घटना को होने से पहले ही टाल दिया। गिरफ्तार युवक अपनी प्रेमिका से मिलने आया था और उसके पास से देसी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि कोसमाही गांव में एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी गुड्डू कुमार उर्फ भविष्य (पिता अकलू गंझू), निवासी—लेवाड़ (कुंदा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने आया था, लेकिन अपने साथ अवैध हथियार भी लेकर आया था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल, टाटा इंडिगो कार (BR02Q-3666) बरामद किया है। इस मामले में वादी अरुण कुमार निवासी—कोसमाही के आवेदन पर हंटरगंज थाना कांड संख्या 44/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी पर BNS की धारा 352/351(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, एएसआई सुनील कुमार दुबे एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।























Total Users : 897035
Total views : 2632649