लोहरदगा-उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आज पंचाइत कर गोइठ कार्यक्रम (29वां) आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी मुखिया अपने-अपने क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। अगर कोई बच्चा विद्यालय नहीं जा रहा है तो उसका नामांकन विद्यालय में कराएं। स्कूल रूआर-2026 अंतर्गत छूटे हुए बच्चों का नामांकन अवश्य कराएं। शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण बुनियाद है जिसके बाद कोई भी सही या गलत पर निर्णय ले सकता है। आंगनवाड़ी केंद्रों व अपने पंचायत क्षेत्र में विद्यालयों का निरीक्षण अवश्य करें। सेविका-सहायिका से आंगनवाड़ी केंद्र की रिपोर्ट अवश्य लें। विद्यालयों का निरीक्षण करें। शिक्षक समय से आ रहे हैं या नहीं, बच्चों का मध्याह्न भोजन मेनू के अनुसार मिल रहा है या नहीं।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी का टीकाकरण समय से हो। कोई भी गंभीर बीमारी की चपेट में आने से बचें। स्वस्थ रहने के लिए सचेत रहें। किसी बीमारी के कारण एक परिवार आर्थिक, मानसिक व शारीरिक रूप से टूट जाता है। ऐसे में टीकाकरण अवश्य कराएं। जिन लड़कियों की उम्र 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो और 15 वर्ष की उम्र पूरी नहीं हुई हो उन्हें बच्चेदानी का कैंसर से बचाने के लिए जिला सदर अस्पताल और सभी चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रतिरक्षक टीका लगाया जाएगा। सभी योग्य इसका लाभ उठाएं।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी मुखिया/वार्ड सदस्य अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने को कृतसंकल्प रहें। अपने पंचायत क्षेत्र में संचालित योजनाओं का अनुश्रवण करें। किसी कार्य में गड़बड़ी पाये जाने पर इसकी सूचना अवश्य दें। संबंधित पर कार्रवाई होगी। जिन घरों में जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल पहुंच रहा है उन घरों का लाभुक समिति बनाएं और जल कर अवश्य संग्रह करें। इस राशि का उपयोग हर घर जल योजना में आवश्यक मरम्मति कार्य में आनेवाले वर्षों में किया जा सकेगा। अपने-अपने क्षेत्र में अवस्थित पर्यटन क्षेत्रों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दें ताकि उस क्षेत्र के आसपास के लोगों को रोजगार मिल सके।
_आज के कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मुखियागण उपस्थित थे।_






















Total Users : 890441
Total views : 2623352