हिंदुस्तान ओलिंपियाड में शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर का दबदबा, समृद्धि, आदित्य व पीहू ने बाजी मारी
लोहरदगा। स्थानीय शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया है। प्रतिष्ठित हिंदुस्तान ओलिंपियाड 2025 में विद्यालय की कक्षा नौवीं की छात्रा समृद्धि सिन्हा ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्णिम सफलता हासिल की है। समृद्धि के साथ-साथ विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें आदित्य लकड़ा ने द्वितीय और पीहू कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की झोली में सफलता के पदक डाले। इन मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय की वंदना सभा में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य और विशिष्ट अतिथियों द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। इस अवसर पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। विद्यालय के प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों के कड़े परिश्रम और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय के संरक्षक श्याम सुंदर कुमार, प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल, सचिव अजय प्रसाद, उपाध्यक्ष विनोद राय और गुमला विभाग प्रमुख ओमप्रकाश सिन्हा ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। यह सफलता केवल एक परीक्षा का परिणाम नहीं है, बल्कि हमारे विद्यालय के अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति का परिचायक है। हमें विश्वास है कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी लोहरदगा का नाम रोशन करेंगे। इस उपलब्धि से विद्यालय के सभी आचार्यों और दीदी जी में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों का मानना है कि समृद्धि और अन्य विजेताओं की यह जीत विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।






















Total Users : 890334
Total views : 2623173