दिनदहाड़े डिक्की तोड़कर उड़ाए पैसे, सीसीटीवी वीडियो वायरल
चतरा। शहर के व्यस्ततम केशरी चौक के पास दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बाइक की डिक्की से 5 लाख 60 हजार रुपये सहित जरूरी दस्तावेज उड़ाने वाले अपराधी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चाओं में है। जानकारी के अनुसार बीते 20 मार्च को लावालौंग थाना क्षेत्र के मदनडीह निवासी मुकेश कुमार अपनी पत्नी रीता देवी के साथ चतरा आए थे। उन्होंने महाराष्ट्र बैंक से 82 हजार रुपये और एचडीएफसी बैंक से 4 लाख 30 हजार रुपये निकाले थे, जबकि 48 हजार रुपये घर से लाए थे। पूरी राशि एक थैले में रखकर बाइक की डिक्की में रख दी। इसके बाद दोनों जायसवाल होटल के बाहर बाइक खड़ी कर नाश्ता करने अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर देखा कि बाइक की डिक्की खुली हुई है और उसमें रखा रुपयों से भरा बैग गायब है। घटना की लिखित शिकायत पीड़ित द्वारा चतरा सदर थाना में दर्ज कराई गई है। वहीं, पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक अपाची बाइक पर सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे। उनमें से एक युवक बाइक से उतरकर आसपास का जायजा लेता है और कुछ ही सेकंड में डिक्की खोलकर रुपयों से भरा बैग निकाल लेता है। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो जाते हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।





















Total Users : 868871
Total views : 2592981