एसडीओ ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अष्टमी को लेकर विशेष सतर्कता
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध कौलेश्वरी धाम में आयोजित चार दिवसीय कौलेश्वरी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कौलेश्वरी विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह एसडीओ जहूर आलम ने गुरुवार को धाम पहुंचकर मेले की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा समस्याओं से अवगत हुए। उन्होंने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से अष्टमी के दिन संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। पत्रकारों से बातचीत में एसडीओ जहूर आलम ने कहा कि पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार मेले की व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि अष्टमी के दिन श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, इसलिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार है। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, बीडीओ गौरव कमान कच्छप, सीओ ऋतिक कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार, समिति सदस्य कौशल सिंह, रोशन सिंह, अशर्फी सिंह, कुरकुर सिंह, मुखिया बसंती पन्ना, समाजसेवी दिलीप दास, कौलेश्वर यादव, जयहिंद पासवान, जगन्नाथ पासवान, स्वास्थ्यकर्मी अदिति लता सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मेले के दौरान सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। प्रशासन की सक्रियता को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष कौलेश्वरी मेला सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा।























Total Users : 869053
Total views : 2593240