इंसास राइफल की सफाई के दौरान चली गोली, अजय किशोर खाका की मौके पर ही मौत
पश्चिमी सिंहभूम (टोंटो), झारखंड। टोंटो थाना क्षेत्र के पालीसाई स्थित सीआरपीएफ पिकेट में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात जिला पुलिस के जवान अजय किशोर खाका की गोली लगने से मौत हो गई। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, जवान अजय किशोर खाका सीआरपीएफ कैंप में तैनात थे और उसी दौरान अपनी इंसास राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी बीच अचानक राइफल से गोली चल गई, जो गले से होते हुए सिर को चीरती हुई निकल गई। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक जवान अजय किशोर खाका मूल रूप से गुमला जिले के रायडीह गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि अजय किशोर खाका हाल ही में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सारंडा जंगल क्षेत्र में तैनात थे और सीआरपीएफ 174 बटालियन के साथ पालीसाई कैंप में ड्यूटी कर रहे थे। कुछ सूत्रों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से तनाव में भी थे, जिससे आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। इस संबंध में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफैल मुर्मू ने बताया कि जवान की मौत गोली लगने से हुई है। यह घटना दुर्घटनावश हुई या आत्महत्या है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।






















Total Users : 860017
Total views : 2580544