*राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को अनुमति नहीं देने पर भाजपा नेता पवन तिग्गा के अगुवाई में विरोध प्रदर्शन,ममता बनर्जी का किया गया पुतला दहन*
लोहरदगा:जिले में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।यह प्रदर्शन पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दिए जाने के विरोध में किया गया।भाजपा युवा नेता पवन तिग्गा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए ममता बनर्जी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।आदिवासी समुदाय के सालाना 9वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया गया था।इस कार्यक्रम का आयोजन पहले पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी के पास बिधाननगर में प्रस्तावित था,जहां संथाल समुदाय की बड़ी आबादी होने के कारण आयोजकों ने इस स्थान को प्राथमिकता दी थी।हालांकि स्थानीय प्रशासन ने वहां कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी,जिसके बाद आयोजन स्थल को बदलकर उत्तरी बंगाल के फांसिदेवा क्षेत्र के गोसाईंपुर में आयोजित किया गया।प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य लॉजिस्टिक कारणों का हवाला दिया था।सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यदि कार्यक्रम बिधाननगर में आयोजित होता तो करीब पांच लाख लोगों की भागीदारी संभव थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि वहां कार्यक्रम की अनुमति क्यों नहीं दी गई।इस मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई।भाजपा युवा नेता पवन तिग्गा ने कहा कि यह आदिवासी समाज का अपमान है।उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रपति और आदिवासी समाज की गौरव द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को अनुमति नहीं देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सरकार जानबूझकर आदिवासी समाज की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है,जिसे भाजपा कार्यकर्ता कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा का सम्मान करना हर नागरिक और सरकार की जिम्मेदारी है।पवन तिग्गा ने कहा कि भाजपा आदिवासी समाज के सम्मान के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी।इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया है।इस दौरान अजय कुमार पंकज, रिपु सूदन साहू, ओम प्रकाश सिंह,रोनित उरांव,अंकित खलखो,सूरज उरांव,आदित्य उरांव,अमृत कुजूर,विक्की उरांव,सूरज खलखो,अंवित मिंज,अशोक कुमार चौहान,अशोक सिंह,दिलीप लकड़ा,सुरेश लोहार,डीजे भगत,निधिकांत प्रसाद,कलावती देवी,रश्मि उरांव,राकेश कुमार राय,नवल साहू,रितु सूजन साहू,,सजल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






















Total Users : 835719
Total views : 2547020