सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, लेपो के छात्र सीमित संसाधनों के बीच खेल प्रतिभा का अद्भुत उदाहरण पेश कर रहे हैं। विद्यालय के बच्चे स्वयं तैयार किए गए लकड़ी और बांस की हॉकी स्टिक से प्रतिदिन नंगे पैर अभ्यास करते हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 से विद्यालय के खिलाड़ी लगातार नेहरू हॉकी कप एवं भारतीय विद्यालय खेल महासंघ (एसजीएफआई) प्रतियोगिता में चतरा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते आ रहे हैं। संसाधनों की कमी के बावजूद उनकी उपलब्धियां सराहनीय हैं। विद्यालय में समुचित खेल मैदान का अभाव है। इसके बावजूद खिलाड़ी विद्यालय से कुछ दूरी पर स्थित परती मैदान में नियमित अभ्यास करते हैं। शारीरिक शिक्षक अबोध राम खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिससे उनकी खेल दक्षता में निरंतर सुधार हो रहा है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि यदि खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण हॉकी स्टिक, जूते, शिन गार्ड और जर्सी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं, तो वे राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। स्थानीय स्तर पर खेल संसाधन उपलब्ध कराने की मांग तेज हो गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का समुचित अवसर मिल सके।
सीमित संसाधनों में बड़ा हौसलाः लेपो स्कूल के खिलाड़ी नंगे पैर गढ़ रहे हॉकी का भविष्य

On: February 27, 2026 8:46 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now



















Total Users : 823755
Total views : 2530940