
एक ऐसा कत्ल जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। मांगन पीपरा गांव में चाय–पान दुकानदार अमित कुमार मोदी की हत्या ने पहले पूरे इलाके को दहला दिया, लेकिन जब साजिश की परतें खुलीं तो सच और भी ज्यादा खौफनाक निकला। जिस भाई पर भरोसा था, वही दुश्मन बन बैठा — और पत्नी ने भी साथ निभाया। अवैध संबंधों में बाधा बन रहे अमित को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी दी गई, गंडासा खरीदा गया और फिर रची गई एक सोची-समझी खून की साजिश।
गोड्डा। महगामा थाना क्षेत्र के मांगन पीपरा गांव में 27 जनवरी की रात चाय–पान दुकानदार अमित कुमार मोदी की हुई निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की साजिश मृतक के ही छोटे भाई रोहित मोदी और उसकी पत्नी सोनी देवी ने रची थी। दोनों के बीच कथित अवैध संबंध पिछले पांच-छह वर्षों से चल रहे थे। मृतक अमित मोदी उनके संबंधों में बाधा बन रहा था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार, रोहित मोदी ने गांव के मो. शाइन आलम को एक लाख रुपये की सुपारी दी, जबकि विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो को 25 हजार रुपये में हत्या में शामिल किया गया। योजना के तहत हत्या से एक सप्ताह पहले मेदनीचक हाट से गंडासा खरीदा गया। 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित मोदी को घर से बुलाया गया और सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कब्रिस्तान के समीप फेंक दिया गया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पत्नी ने मृतक का मोबाइल छिपाकर बाद में गंगा नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने 25 वर्षीय मो. शाइन आलम, 35 वर्षीय विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो तथा 30 वर्षीय सोनी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंडासा, खून लगी मिट्टी, दो मोबाइल फोन और शराब की बोतल बरामद की गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित मोदी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि सुबह शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था। छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, पुअनि रोमा कुमारी, पुअनि जुगनु महथा, सअनि खालिद अहमद खान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।























Total Users : 807321
Total views : 2508565