
गुमला। झारखंड में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत गुमला नगर परिषद क्षेत्र में अध्यक्ष पद को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बार अध्यक्ष पद की सीट अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित है, जिसके बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। आगामी 23 फरवरी को मतदान होना है।
अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार शकुंतला उरांव, कांग्रेस की सीता देवी, झामुमो समर्थित हर्षिता टोप्पो के अलावा जसमुनी लुगून, ज्योति कुजूर, ब्रिजिट कांति टोप्पो उर्फ कांती दीदी, मधु मेरीना लकड़ा, रामेश्वरी उरांव और शिमला कुमारी सहित कई उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने जीत के दावे के साथ जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। नगर परिषद क्षेत्र के 22 वार्डों में उम्मीदवार घर-घर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। कोई वाहन रैली के माध्यम से तो कोई पदयात्रा कर मतदाताओं से संपर्क साध रहा है। प्रचार वाहनों के जरिए शहर में चुनावी माहौल गर्म हो चुका है। सभी प्रत्याशी स्वच्छ, सुंदर और विकसित गुमला का नारा देकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर निकाय चुनाव विधानसभा या लोकसभा चुनाव से भिन्न होता है। यहां उम्मीदवार का व्यक्तिगत चेहरा, स्थानीय पहचान और जनसंपर्क अधिक मायने रखता है। फिलहाल स्थिति ऐसी है कि किसी एक उम्मीदवार को स्पष्ट बढ़त नहीं मानी जा रही है। मतदान की तारीख नजदीक आते-आते ही तस्वीर और साफ होगी। वर्तमान में सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर से वोट बैंक मजबूत करने और समर्थकों को सक्रिय करने में जुटे हुए हैं। गुमला नगर परिषद का यह चुनाव इस बार काफी रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक माना जा रहा है।




















Total Users : 802877
Total views : 2502741