
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत द्वारी पंचायत के बाजार टांड़ में बुधवार को पैक्स संचालन हेतु प्रस्तावित गोदाम निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया जगदीश यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर द्वारी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष उदय यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि बालेश्वर यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूजा-अनुष्ठान का संचालन प्रमोद पांडेय द्वारा किया गया। उन्होंने स्वस्तिवाचन, भूमि वंदना एवं गणेश वंदना के साथ शंखध्वनि के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। मुखिया जगदीश यादव ने कहा कि इस गोदाम के निर्माण से द्वारी पंचायत सहित आसपास के किसानों को धान बिक्री में बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब किसानों को उचित मूल्य पर अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा और उन्हें दूर-दराज के केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। ग्रामीणों और किसानों ने भी पैक्स क्रय केंद्र नजदीक होने पर खुशी जताई। उनका कहना है कि इससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम में शिक्षक काली गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यह पहल क्षेत्र के किसानों के लिए राहत और आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





















Total Users : 801978
Total views : 2501455