
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र में पिछले छह दिनों से जंगली हाथी के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे हाथी ने गिद्धौर के फुटबॉल मैदान के समीप खिरोधर साव के घर को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद पास ही मिथुन साव के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे ड्रम को बाहर खींच लिया और उसमें रखा चावल नष्ट कर दिया। मिथुन साव की पत्नी ने बताया कि उस समय वह अपने चार बच्चों के साथ एक छोटे कमरे में मौजूद थीं। अचानक हाथी दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आया और ड्रम को बाहर खींचकर चावल खाने लगा। इस बीच उन्होंने साहस दिखाते हुए चारों बच्चों को गोद में उठाया और हाथी के बगल से किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गईं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट हो गए। वन विभाग की टीम के साथ मिलकर हाथी को खदेड़ते हुए कुछ दूर तक भगाया गया। इसके बाद हाथी पेक्सा गांव के आसपास पहुंच गया, जहां ग्रामीणों ने फिर एकजुट होकर उसे जंगल की ओर खदेड़ा। बताया जाता है कि रात करीब दो बजे हाथी कोशमागढ़ा पहुंच गया और वहां सुभाष दांगी के खेत में लगी गन्ना, केला, मसूरी समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। सुबह होते ही हाथी जंगल की ओर लौट गया। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि कपिल कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा तथा वन रक्षी संजय कुमार ने ड्रोन कैमरे से हाथी की खोजबीन की। वन रक्षी ने बताया कि हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने और समूह में रहने की अपील की गई है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और वे वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।





















Total Users : 801978
Total views : 2501455