
चतरा। 19, 20 एवं 21 फरवरी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कीर्तिश्री ने दो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण कर महोत्सव की तिथियों व कार्यक्रमों की जानकारी आमजनों तक पहुंचाएंगे। उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव को बहुआयामी और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। 19 एवं 20 फरवरी को इटखोरी स्थित बक्सा डैम में आमजनों के लिए निःशुल्क वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां आयोजित होंगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि प्रतिभागियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी क्रम में 19 व 20 फरवरी को लक्षणपुर भेड़ी फॉर्म डैम में रोमांचक पैरा-ग्लाइडिंग की भी व्यवस्था की गई है, जो युवाओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। महोत्सव के तीनों दिनों भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। इसमें बॉलीवुड के जाने-माने कलाकारों के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार लोकनृत्य, लोकगीत एवं आधुनिक प्रस्तुतियां देंगे। यह आयोजन सांस्कृतिक विरासत और आधुनिकता का संगम प्रस्तुत करेगा। 21 फरवरी को माँ भद्रकाली मंदिर स्थित महाने नदी तट पर भव्य संध्या आरती (गंगा आरती) का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभूति का विशेष अवसर होगा। महोत्सव के दौरान 500 ड्रोन के माध्यम से भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह शो आकाश में आकर्षक आकृतियों और संदेशों के जरिए दर्शकों को रोमांचित करेगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार इस ऐतिहासिक महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी कैलाश राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद समेत अन्य अधिकारी व मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।





















Total Users : 801978
Total views : 2501455