नवडीहा पंचायत की जर्जर सड़क पर फूटा आक्रोश, ग्रामीणों ने किया एनएच जाम, 2 घंटे ठप रहा आवागमन
गुमला: घाघरा प्रखंड अंतर्गत नवडीहा पंचायत के ग्रामीणों ने रविवार को जर्जर सड़क और बदहाल व्यवस्था के खिलाफ नेशनल हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों के इस आंदोलन से घाघरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा और सैकड़ों वाहन बीच रास्ते में फंसे रहे।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत की सड़क कीचड़ में बदल चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों और महिलाओं को रोजाना भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में विकास कार्य पूरी तरह थम गया है। यहां तक कि बेटियों की शादी के लिए भी कोई तैयार नहीं होता। प्रसव पीड़िता महिलाओं को बहंगी में उठाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है, जिसके बाद एंबुलेंस या अन्य वाहन से अस्पताल ले जाया जाता है।ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक सड़क की मरम्मत और विकास कार्य शुरू नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच जाम स्थल पर पहुंचे अंचल अधिकारी खाखा सुशील कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी दिनेश कुमार और थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से वार्ता की और जल्द समस्या के समाधान का लिखित भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और आवागमन सामान्य हो सका।इस जाम की वजह से कई यात्री अपने गंतव्य तक समय से नहीं पहुंच पाए। कई लोगों की फ्लाइट और ट्रेन तक छूट गई। घंटों तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जज साहब का रूट बदला, प्रशासन ने ली राहत की सांस
जाम के दौरान झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नेतरहाट जाने वाले थे। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने उनका मार्ग बदल दिया और गमहरिया से नवडीहा होते हुए सुरक्षित निकाला। इस वजह से उनका काफिला जाम में फंसने से बच गया। हालांकि जज साहब के लिए रास्ता बदलने की हड़बड़ी में प्रशासनिक अमला पसीने-पसीने रहा। जब तक उनका काफिला सुरक्षित पार नहीं कर गया, पूरे प्रशासन में तनाव का माहौल बना रहा।
झारखण्ड सरकार के मंत्री चमरा लिंडा एवं सांसद सुखदेव भगत के क्षेत्र में जनसमस्याओं से जूझ रहे हैं ग्रामीण
यहां बताते चलें कि नवडीहा पंचायत बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र से आता है और यहां से झारखण्ड सरकार में मंत्री सह विधायक चमरा लिंडा भी आते हैं और संसदीय क्षेत्र होने के साथ ही कांग्रेस के जुझारू और तेजतर्रार सांसद सुखदेव भगत भी जाने-माने मुखर सांसद हैं लोगों को फिर भी अपनी जनसमस्याओं को लेकर सड़क पर उतरना पड़ रहा है और जर्जर सड़क को लेकर आक्रोश में हैं।




















Total Users : 936565
Total views : 2688014