Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

सात साल से तैयार तहसील कार्यालय सह आवास का नहीं हो रहा समुचित उपयोग

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

राजस्व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति नहीं होने से ग्रामीण परेशान, 15 किलोमीटर दूर अंचल कार्यालय जाने की मजबूरी

हंटरगंज (चतरा)। चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र में राजस्व व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब सात वर्ष पूर्व तहसील कार्यालय सह राजस्व कर्मचारी आवास का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण के बाद से ही राजस्व कर्मचारी सरकारी आवास में नियमित रूप से रहकर कार्य नहीं कर रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, राजस्व कर्मचारियों के लिए कार्यालय सह आवास का निर्माण इस उद्देश्य से कराया गया था कि संबंधित कर्मचारी क्षेत्र में रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सकें। लेकिन लंबे समय से कर्मचारियों के यहां नियमित रूप से नहीं रहने के कारण लोगों को दाखिल-खारिज, आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी दस्तावेज, लगान सहित अन्य राजस्व कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

15 किलोमीटर दूर अंचल कार्यालय जाने की मजबूरी

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशि खर्च कर कर्मचारियों के लिए आवास और कार्यालय का निर्माण कराया गया है, तो संबंधित कर्मियों की उपस्थिति भी उसी स्थान पर सुनिश्चित की जानी चाहिए। ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर अंचल कार्यालय जाना पड़ता है।

मुखिया प्रतिनिधि प्रभु भारती ने ग्रामीणों की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए सरकार एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से राजस्व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए सरकार भवन और आवास का निर्माण कराती है, लेकिन यदि कर्मचारी वहां रहकर कार्य नहीं करेंगे तो निर्माण का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर राजस्व कर्मचारियों को निर्धारित सरकारी आवास में रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देने की मांग की।

ठोस पहल नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की चेतावनी

ग्रामीणों ने कहा कि सात वर्षों से तैयार भवन का समुचित उपयोग सुनिश्चित कराया जाए और सरकारी आवास में संबंधित कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति हो, ताकि राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई तो सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की जाएगी।

मांग करने वालों में मुखिया प्रतिनिधि प्रभु भारती के अलावा जग्गू यादव, विजय यादव, नंदकिशोर भुइंया, राजेश कुमार यादव, शंकर भारती, सिकंदर अंसारी, अरविंद राम, यदु यादव, सत्येंद्र भारती, बिरजू यादव, पचु यादव एवं विजय भारती शामिल हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment