गिद्धौर को 5-1 से हराकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
गिद्धौर (चतरा): गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के जपुआ खेल मैदान में सोमवार को सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह एवं शारीरिक शिक्षकों की उपस्थिति में किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में पहले दिन अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए।
प्रतियोगिता में कुल तीन टीमों ने भाग लिया, जिनमें से एक टीम वॉकओवर के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो गई। इसके बाद फाइनल मुकाबला प्लस टू गंगा स्मारक उच्च विद्यालय, गिद्धौर एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पिंडारकोण के बीच खेला गया।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पिंडारकोण की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-1 के बड़े अंतर से प्लस टू गंगा स्मारक उच्च विद्यालय, गिद्धौर को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ पिंडारकोण की टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को अंडर-15 बालक एवं अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इन वर्गों की विजेता टीमें भी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चतरा जाएंगी। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक दीपक कुमार, जितेंद्र कुमार पांडेय, वीरेंद्र तिर्की, चंदन कुमार पांडेय, प्रेमचंद दास, मनय मुंडा, जागेश्वर साव, सत्यम सर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।























Total Users : 1059478
Total views : 2854665