खेल मैदान, बिजली बिल और सोलर पैनल स्थापना पर हुई चर्चा
चतरा। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय से संबंधित विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान विद्यालय के खेल मैदान तक पहुंच पथ की समस्या पर विशेष रूप से विचार किया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विद्युत बिल की अनियमितता के संबंध में उपायुक्त ने झारखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (JREDA) के माध्यम से विद्यालय में सोलर पैनल स्थापना की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालय को दीर्घकालिक और स्थायी समाधान मिल सकेगा।
विद्यालय परिसर में कटे हुए यूकेलिप्टस पेड़ों को हटाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में उपायुक्त ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) के पदाधिकारी को आवश्यक पत्राचार कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विद्यालय के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य मंटू कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, विशेष आमंत्रित सदस्य धर्मेंद्र पाठक, चंद्रशेखर प्रसाद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों की आधारभूत समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।





















Total Users : 934694
Total views : 2685443