सूख रहे कुएं, बंद पड़े जलमीनारों से बढ़ी मुश्किलें
गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में इन दिनों भीषण गर्मी के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। दुवारी, बरियातू, बारीसाखी, पहरा एवं मझगवां पंचायतों के ग्रामीणों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों के कुएं सूखने लगे हैं, जबकि लाखों रुपये की लागत से बने जलमीनार लंबे समय से खराब पड़े हैं। इससे लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि दुवारी पंचायत के बाजार टांड़ रोड तथा बरियातू पंचायत के गंगापुर चेलों टोला और मसूरिया गांव में जलमीनार लंबे समय से बंद पड़े हैं। इसके कारण ग्रामीणों को दूर-दराज के चापानलों और बचे हुए जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा पेयजल व्यवस्था को लेकर करोड़ों रुपये की योजनाएं चलाई जाती हैं, लेकिन गर्मी शुरू होते ही इन योजनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ जाती है। समय पर मरम्मत नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि प्रखंड क्षेत्र के सभी खराब पड़े जलमीनारों की अविलंब मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। साथ ही बंद पड़ी सरकारी पेयजल योजनाओं को भी जल्द चालू कराने की मांग की गई है। बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है और लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।






















Total Users : 931253
Total views : 2680610