क्षेत्र में सनसनी, आरोपी फरार – पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरोड़ा गांव से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को आंगन में ही जला दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक नामजन बरजो ने सोमवार को अपनी मां मेरी बरजो पर पहले लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद उसने लोहे के दाऊली से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर के पीछे आंगन में लकड़ियां इकट्ठा कर शव को आग के हवाले कर दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।
बताया जा रहा है कि घटना के समय गांव के अधिकांश लोग रनिया बाजार गए हुए थे। आरोपी की भाभी द्वारा मदद के लिए बुलाने के बावजूद मौके पर कोई नहीं पहुंच सका, जिससे आरोपी को वारदात अंजाम देने का पूरा मौका मिल गया। घटना का खुलासा होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी खूंटी जिला के रनिया थाना क्षेत्र की ओर फरार हो गया है। गुदड़ी थाना पुलिस, रनिया थाना पुलिस के साथ मिलकर आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से मृतका के जले हुए अवशेषों को बरामद कर लिया है और उन्हें डीएनए जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि साक्ष्यों को वैज्ञानिक रूप से मजबूत किया जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। करीब 8-10 वर्ष पहले उसने अपने पिता की भी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। उस समय उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं पाई गई थी और उसे रांची मानसिक चिकित्सालय में इलाज के लिए कई महीनों तक रखा गया था। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



















Total Users : 868158
Total views : 2591918