सुबह का सन्नाटा… मोबाइल स्क्रीन पर चलती एक फेसबुक लाइव… शब्दों में दर्द, आंखों में बेबसी और आवाज़ में टूटी हुई उम्मीद।
लखनऊ में एक 24 वर्षीय युवती ने सोशल मीडिया पर पूरी दुनिया के सामने अपनी आख़िरी पीड़ा साझा की — और फिर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह कोई फिल्मी दृश्य नहीं, बल्कि हकीकत है, जिसने एक बार फिर रिश्तों, भरोसे और सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूति खंड थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 24 वर्षीय युवती ने फेसबुक पर लाइव आकर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवती प्रेम में मिले धोखे से मानसिक रूप से बेहद परेशान थी।
पुलिस के अनुसार युवती मूल रूप से आंबेडकर नगर जिले की रहने वाली थी और लखनऊ में किराए के कमरे में अकेले रह रही थी। उसने पूर्व में एक स्थानीय पत्रकार और सेना में कार्यरत एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का आरोप था कि सेना में कार्यरत व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर करीब पांच से सात महीने तक उसका शोषण किया और बाद में संबंध तोड़ लिए।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे युवती अचानक फेसबुक पर लाइव आई। लाइव वीडियो के दौरान वह लगातार यह कहती सुनी गई कि वह कोई नाटक नहीं कर रही है और सच में आत्महत्या करने जा रही है। इस लाइव की सूचना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई।
सूचना मिलते ही विभूति खंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़ने में समय लग गया। पुलिस ने युवती को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लाइव वीडियो में युवती ने किसी व्यक्ति का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया, लेकिन मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस का पक्ष:
पुलिस के अनुसार मामला बेहद संवेदनशील है। युवती द्वारा पहले दर्ज कराई गई शिकायतों, सोशल मीडिया लाइव वीडियो और कॉल डिटेल्स सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह घटना न केवल एक युवती की मौत की कहानी है, बल्कि समाज, रिश्तों और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक गंभीर चेतावनी भी है — कि समय रहते सुनी गई एक आवाज़, शायद एक ज़िंदगी बचा सकती थी।




























Total Users : 793928
Total views : 2490527