
प्रतापपुर (चतरा)। चतरा अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम ने प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सीआरपी कैंप के समीप व्यापार मंडल गोदाम का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण धान अधिप्राप्ति सत्र 2024-25 के तहत रखे गए स्टॉक की जांच हेतु किया गया था। निरीक्षण के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष गोदाम की चाभी उपलब्ध नहीं करा सके। उन्होंने बताया कि चाभी स्टाफ मुंशी के पास है, जो वर्तमान में प्रतापपुर में उपलब्ध नहीं है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक पांडेय, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अशोक कुमार एवं स्थानीय मीडियाकर्मियों की उपस्थिति में गोदाम का ताला तोड़ा गया। ताला खुलने के बाद जब गोदाम का स्टॉक सत्यापित किया गया, तो पाया गया कि गोदाम पूर्णतः खाली है, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार वहां 9336 क्विंटल धान मौजूद होना चाहिए था। अनुमंडल पदाधिकारी ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल गोदाम को सील कर दिया और कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।