
चतरा/हंटरगंज। हंटरगंज थाना क्षेत्र के औरू गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई। गुरूवार सुबह सुष्मिता कुमारी (मृतिका) का शव घर के कमरे में दुपट्टे से लटका मिला। इधर ग्रामीणों ने इसकी सुचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार सुष्मिता ने दो माह पूर्व औरू गांव निवासी रंजीत भारती के साथ प्रेम विवाह की थी। जो परिजनों का रास नहीं आ रहा था। चार दिन पूर्व ही मायके वालों ने ससुराल पक्ष को बर्तन, पलंग, किचन सामग्री, कपड़ा वगैरह उपहार में दिया था। ग्रामीणों के जानकारी के अनुसार पति-पत्नी समेत मृतिका की सास के बीच विवाद की बात सामने आई है। सुष्मिता हंटरगंज थाना क्षेत्र के गेरुआ पंचायत अन्तर्गत जावादोहर निवासी विजय भारती की पुत्री थी। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।