चतरा। जिला मुख्यालय स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एकल अभियान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय (आवासीय) उत्तर झारखंड संभाग स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद कालीचरण सिंह, नन्दलाल केशरी, पंकज दुबे, पवन कुमार राय, विवेक सिंह, विकास केशरी, विनोद जैन व दुलाल ठाकुर आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित एवं मां भारती के चित्र पर पुष्पांजलि कर किया। इस प्रतियोगिता में उत्तर झारखंड के 11 जिले से लगभग 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अतिथियों का स्वागत दुमका एकल की टीम ने ढोल नगाड़े एवं पारंपरिक नृत्य के साथ बहनों द्वारा पुष्प वर्षा कर किया गया। वहीं समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने एकल के अनुशासनात्मक और सुव्यवस्थित टीम व्यवस्था एवं आयोजन को देख आयोजन समिति की प्रशंसा की और क्षेत्र की पावन धरती पर टीम का स्वागत करते हुए राष्ट्र सेवा के लिए उत्प्रेरित किया। वही एकल के क्षेत्रीय संगठन मंत्री पवन कुमार राय ने कहा कि यह संस्था राष्ट्रीय गांधी शांति पुरस्कार प्राप्त संस्था है। जो देश के वनवासी व पिछड़े क्षेत्रों में लगभग डेढ़ लाख विद्यालय का संचालन कर लोगों को पंचमुखी सिद्धांत पर काम करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महती भूमिका निभा रही है। प्रतियोगिता में महिलाओं की कबड्डी में चतरा और कोडरमा फाइनल में पहुंची। समारोह को सफल बनाने में सांसद प्रतिनिधि विनय कुमार,, विकास कुमार केशरी सांसद प्रतिनिधि (कला संस्कृति पर्यटन एवं खेल कूद), सचिन्द्र पासवान, भरत सिंह, मनोरमा कुमारी आदि अहम योगदान दे रहे हैं।