न्यूज स्केल संवाददाता
गिद्धौर(चतरा)। जिले के गिद्धौर प्रखंड कार्यालय परिसर में परिसंपत्ति एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्य के श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्योग विभाग, झारखण्ड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता शामिल हुए। मंत्री के गिद्धौर आगमन पर उपायुक्त रमेश घोलप ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक व्यक्ति तक सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुल-पुलिया, रोजगार के क्षेत्र में भी कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मंत्री द्वारा लाभुकों के बीच अबुआ आवास, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित बागवानी आदि की स्वीकृति पत्र, जेएसएलपीएस महिला समूहों के सदस्यों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र, 400 स्कूली छात्र/छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वधान में चतरा वन प्रमंडल द्वारा प्रखंड मुख्यालय गिद्धौर में आयोजित 75वां वन महोत्सव 2024 के तहत मंत्री, उपायुक्त समेत जिले एवं प्रखंड के अधिकारी और गणमान्य लोगों ने पौधारोपण किया। उक्त कार्यक्रम में मंत्री व उपायुक्त के अलावे अपर समाहर्ता अरविन्द कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी चतरा सुरेन्द्र उरांव, जिप सदस्य अनिता यादव, 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष बिनोद पासवान, बीडीओ राहुल देव, जेएमएम प्रखंड़ अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा, राजेश कुशवाहा, रामदेव यादव, वन पाल रूपलाल यदाव, वनरक्षी संजय कुमार, मुखिया बेबी देवी, निर्मला देवी आदि मौजूद थे।