
न्यूज स्केल संवाददाता
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोमे गांव में शुक्रवार को छर्री लदे ट्रैक्टर पलटने से दो मजदूर बुरी तरह घायल हो गए। घायल व्यक्ति सिदकी गांव निवासी युगल भारती का पुत्र रमेश भारती व गुरिया गांव निवासी बाढ़ो भारती का पुत्र विजय कुमार भारती बताया जा रहा है। ट्रैक्टर चालक विजय भारती ने बताया कि हंटरगंज के पांडेपुरा से ट्रैक्टर में छर्री भरकर सिदकीआ रही थी। इसी बीच गोमे गांव में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दस फीट नीचे खेत में जाकर पलट गई और दो मजदूर घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक व मजदूर को ग्रामीणों के सहयोग से प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रमेश की स्थिति नाजुक बताते हुए चतरा रेफर कर दिया गया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लेते हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं ट्रैक्टर के चपेट में आने से एक बकरी की भी मौत हो गई है।