Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

दिनदहाड़े केनरा बैंक में हथियार के बल पर 15 लाख की लूट…

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर फरार हुए बदमाश

पूर्वी सिंहभूम बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा स्थित केनरा बैंक में मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे अज्ञात लुटेरों ने देसी कट्टा के बल पर लगभग 15 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना के दौरान लुटेरों ने बैंक के कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया तथा उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। जानकारी के अनुसार 5 से 6 की संख्या में लुटेरे दोपहर करीब 1:40 बजे बैंक पहुंचे। बदमाशों ने कट्टा और धारदार हथियार दिखाकर बैंक के कैश काउंटर से लगभग 7 लाख रुपये और लॉकर से करीब 8 लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान लुटेरों ने सहायक शाखा प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से चेन और अंगूठी भी छीन ली।

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने बैंक के सभी कर्मचारियों और ग्राहकों को अंदर ही बंधक बना दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और कटर से मेन गेट का ताला काटकर सभी लोगों को बाहर निकाला। बंधकों में 6 से 7 खाताधारक भी शामिल थे।

घटना के दौरान एक लुटेरा शाखा प्रबंधक नानाजी राव को बंदूक की नोक पर उनके चैंबर में ले गया और सीसीटीवी की हार्ड डिस्क के बारे में पूछताछ करने लगा। इस पर शाखा प्रबंधक ने चालाकी दिखाते हुए इंटरनेट बॉक्स की ओर इशारा कर दिया। लुटेरे तार काटकर इंटरनेट बॉक्स अपने साथ ले गए, जबकि सीसीटीवी की हार्ड डिस्क सुरक्षित बच गई, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि लुटेरे मास्क और रूमाल से चेहरा ढके हुए थे। वे बैंक कर्मचारियों से हिंदी में बात कर रहे थे, जबकि आपस में बांग्ला भाषा में बातचीत कर रहे थे। लूट के बाद सभी बदमाश मोटरसाइकिल से साकरा–चित्रेश्वर रोड होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने बैंक कर्मियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन साकरा चौक के पास खेतों में फेंक दिए।

बैंक में नहीं था सुरक्षा गार्ड

स्थानीय लोगों के अनुसार बैंक में प्रतिदिन 60 से 100 ग्राहक लेनदेन के लिए आते हैं, लेकिन यहां सुरक्षा गार्ड की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर लुटेरों ने करीब 10 से 15 मिनट तक बैंक के अंदर रहकर लूट की घटना को अंजाम दिया

घटना की सूचना मिलने के बाद घाटशिला डीएसपी अजीत कुमार कुजूर भी मौके पर पहुंचे और बैंक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। डीएसपी ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment