थाना में कांड संख्या 42/26 दर्ज; किशोर मोदी, किशोर साव, महेंद्र साव समेत 6-7 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी; अधिकारी ने बनाया वीडियो, उसी के आधार पर हुई पहचान; चलकुशा में सक्रिय है बालू सिंडिकेट, स्थानीय लोगों में प्रशासनिक सुरक्षा पर सवाल
हजारीबाग (झारखंड)। बरकट्ठा प्रखंड में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रहे प्रशासनिक अधिकारी पर ही बालू माफियाओं ने हमला करने का प्रयास किया। यह घटना बुधवार देर रात बंडासिंघा मोड़ के पास हुई, जब बीडीओ सह सीओ सुमन कुमार सौरभ ने बिना नंबर प्लेट का एक बालू लदा ट्रैक्टर रोककर कागजात मांगे।
प्राथमिकी के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब 7 बजे बरकट्ठा के बीडीओ सह सीओ सुमन कुमार सौरभ हजारीबाग से बरकट्ठा लौट रहे थे। बंडासिंघा मोड़ के पास उन्होंने बिना नंबर प्लेट का अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर देखा और उसे रोककर चालक से चालान व वैध कागजात मांगे।
इसी दौरान बंडासिंघा मोड़ स्थित दुर्गा मिष्ठान दुकान के पास बैठे कुछ लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन लोगों ने पहले ट्रैक्टर चालक को मौके से भगा दिया और फिर दूसरे व्यक्ति के जरिये बालू लदा ट्रैक्टर भी वहां से निकलवा दिया।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब हमलावरों ने सीओ की सरकारी गाड़ी को घेर लिया। उन्होंने गाड़ी का शीशा खुलवाने और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की。आरोप है कि हमलावरों ने सीओ को धमकी दी, “आज के बाद बालू की गाड़ी पकड़ने पर वे बचेंगे नहीं।” स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सीओ ने गाड़ी के दरवाजे बंद कर लिए और तुरंत गोरहर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान सीओ ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया था। आरोप है कि हमलावरों ने वीडियो छीनने की भी कोशिश की। इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गोरहर थाना में दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या 42/26) में बंडासिंघा निवासी किशोर मोदी (पिता स्व. बाड़ी मोदी), किशोर साव (पिता बहादुर साव), महेंद्र साव (पिता अर्जुन साव), मां दुर्गा मिष्ठान के संचालक, दुकान के कर्मी और छह-सात अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
दर्ज प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने का प्रयास, आर्म्स एक्ट, मॉब लिंचिंग और अवैध बालू सिंडिकेट चलाने वाले माफिया रैकेट से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
चलकुशा में सक्रिय है बालू सिंडिकेट

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि अवैध बालू कारोबार का मुख्य सरगना चलकुशा प्रखंड क्षेत्र का एक व्यक्ति है, जो वर्षों से सिंडिकेट बनाकर इस धंधे को चला रहा है। आरोप है कि चलकुशा प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर बराकर नदी घाट से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर और टीपर के जरिये अवैध बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि चलकुशा थाना पुलिस की ठोस कार्रवाई नहीं होने से बालू कारोबारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है。इस घटना के बाद अब आम लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं。




















Total Users : 1274976
Total views : 3146564