एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में 7वीं कक्षा के छात्र की हत्या, चारों नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए
चतरा/कान्हाचट्टी। चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड के चारू स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में 7वीं कक्षा के छात्र रविकांत हेम्ब्रम की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र ने सहपाठियों के नशीले पदार्थों के सेवन की शिकायत स्कूल प्रिंसिपल और छात्रावास वार्डन से की थी। इसी से नाराज होकर चार नाबालिग सहपाठियों ने मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस ने बताया हत्या का कारण
चतरा के सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी नशीले पदार्थ, सिगरेट और गुटखे का सेवन करते थे। मृतक छात्र ने कई बार इसकी शिकायत प्रिंसिपल और छात्रावास वार्डन से की थी। इससे नाराज चारों आरोपियों ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

हिरासत में लिए गए चार छात्रों में तीन 8वीं कक्षा के और एक 7वीं कक्षा का है। सभी की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है।
राजपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज
मृतक के पिता की शिकायत पर राजपुर थाना में कांड संख्या 85/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल गमछा बरामद कर लिया है और चारों नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।
24 नवंबर को छात्रावास में मिला था शव
24 नवंबर को रविकांत हेम्ब्रम का शव विद्यालय परिसर स्थित छात्रावास में मिला था। वह गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के चोरनीतरी गांव निवासी राजेश हेम्ब्रम का पुत्र था। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन, प्रिंसिपल और वार्डन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं और मामले को दबाने की कोशिश का आरोप लगाया है।
प्रिंसिपल ने आरोपों से किया इनकार
विद्यालय के प्रिंसिपल प्रदीप ठाकुर ने आरोपी छात्रों के खिलाफ पहले कोई शिकायत मिलने से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह जिले में मौजूद नहीं थे और फोन पर सूचना मिलने के बाद अगले दिन स्कूल पहुंचे। प्रिंसिपल के अनुसार, विद्यालय में कुल 220 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं और परिसर में 50 छात्रावास कमरे हैं। घटना की रात केवल एक सुरक्षा गार्ड तैनात था।
न्यूज़ स्केल लाइव — भरोसे की पहचान

















Total Users : 1283123
Total views : 3159275