बिल में प्रथम श्रेणी की ईंट, निर्माण में निम्न गुणवत्ता का आरोप; जेई बोले- जांच में पुष्टि हुई तो ठेकेदार पर होगी सख्त कार्रवाई
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के चकला पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकला में बन रही बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया गुणवत्ता की ईंटों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि निर्माण में प्रथम श्रेणी की ईंटों के बजाय निम्न गुणवत्ता वाली ईंटें लगाई जा रही हैं, जबकि बिल में प्रथम श्रेणी की ईंटों का उल्लेख किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा के उद्देश्य से बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन जिस तरह की ईंटों का इस्तेमाल हो रहा है, उससे निर्माण की मजबूती पर सवाल उठना लाजिमी है। ग्रामीणों का दावा है कि इस्तेमाल की जा रही ईंटें हल्का दबाव पड़ते ही टूट जा रही हैं। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और इसकी निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी राशि से हो रहे इस निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने ठेकेदार के साथ-साथ निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है।
इधर, मामले पर जेई धनंजय ओझा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शुक्रवार को एसडीओ के साथ वे स्वयं निर्माण स्थल पर पहुंचकर जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि जांच में यदि घटिया सामग्री के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ग्रामीणों की नजरें जांच पर टिकी हैं। अब देखना है कि जांच में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों का क्या खुलासा होता है।


















Total Users : 1282681
Total views : 3158647