JCB से चल रहा मिट्टी कटाई और समतलीकरण का काम; विधायक उज्ज्वल दास के आश्वासन के बाद अधिवक्ता योगेंद्र यादव ने खत्म किया था आंदोलन, जर्जर पुल से अब मिलेगी निजात
चतरा/इटखोरी | चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। करीब 10 साल से अधूरे पड़े बक्सा पुल के निर्माण का काम बुधवार से दोबारा शुरू हो गया है। लंबे इंतजार के बाद निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है। फिलहाल निर्माण स्थल पर जेसीबी मशीन से मिट्टी की कटाई, भराई और जमीन समतल करने का काम किया जा रहा है।
क्यों अटका था पुल का काम?
बता दें कि पिछले एक दशक से पुल का निर्माण अधूरा पड़ा था। इसके पीछे मुख्य रूप से भूमि अधिग्रहण और फंड की कमी जैसे कारण बताए जाते रहे हैं। नए पुल के अधूरे रहने के कारण लोगों को अंग्रेजों के जमाने के पुराने और जर्जर बक्सा पुल से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा था। इस जर्जर पुल से छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन जान जोखिम में डालकर किया जा रहा था।
सत्याग्रह के बाद आई सफलता
पुल निर्माण शुरू कराने के लिए हाई कोर्ट के युवा अधिवक्ता योगेंद्र यादव ने 21 नवंबर से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया था। चार दिनों तक चले इस सत्याग्रह के बाद मंगलवार को विधायक उज्ज्वल कुमार दास सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे। उन्होंने फोन पर सीधे उपायुक्त (DC) से बात की और पुल निर्माण की रुकावटों को दूर करने की मांग की। डीसी द्वारा बुधवार से काम शुरू कराने का भरोसा दिए जाने के बाद योगेंद्र यादव ने अपना सत्याग्रह समाप्त कर दिया था।
तेजी आने की उम्मीद
योगेंद्र यादव ने हालांकि प्रशासन को चेतावनी दी थी कि अगर बुधवार दोपहर तक काम शुरू नहीं होता है तो वे फिर आंदोलन करेंगे। लेकिन समय रहते जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंच गईं और काम शुरू हो गया। स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि शुरुआती काम के बाद निर्माण प्रक्रिया में तेजी आएगी और वर्षों से लंबित यह पुल जल्द ही बनकर तैयार होगा, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।




















Total Users : 1280513
Total views : 3155130