Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के दूसरे दिन जिले में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन एवं कृषि जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित*

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

*

*झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के दूसरे दिन जिले में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन एवं कृषि जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित*

==============

*लोहरदगा।*

 

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के दूसरे दिन बुधवार को लोहरदगा जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में विभिन्न विभागों द्वारा जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों में किशोरी जागरूकता कार्यक्रम, पौधरोपण, रोजगार सृजन अभियान, धोती-साड़ी-लुंगी वितरण तथा किसानों के बीच कृषि जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

*शिक्षा विभाग : विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिखाई प्रतिभा*

 

जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा के उपरांत कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए पेंटिंग, क्विज एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पारंपरिक जनजातीय कला, झारखंड की विभूतियों एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। वहीं, क्विज एवं निबंध प्रतियोगिताओं में झारखंड के गौरवशाली इतिहास, खनिज संपदा तथा स्वच्छ एवं हरित भविष्य से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

*किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक*

 

जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में किशोरी बालिकाओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बाल विवाह निषेध एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण से संबंधित विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्रावधानों से अवगत कराया गया। लाभुकों के बीच टेक होम राशन (THR) का वितरण भी किया गया।

 

*पौधरोपण एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा*

 

हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण कार्यक्रम के तहत भंडरा प्रखंड के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पंचायत भवन परिसरों एवं विद्यालयों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, रोजगार सृजन अभियान के तहत ग्रामीणों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर गतिविधियां संचालित की गईं। कैरो प्रखंड में भी रोजगार सृजन अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेन्हा प्रखंड में भी पौधरोपण का आयोजन किया गया।

 

*लाभुकों के बीच धोती-साड़ी-लुंगी का वितरण*

 

जिले में धोती-साड़ी-लुंगी वितरण योजना के तहत लाभुकों के बीच वस्त्रों का वितरण किया गया। सेन्हा प्रखंड में जन वितरण प्रणाली विक्रेता रामेश्वर उरांव द्वारा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की उपस्थिति में लाभुकों के बीच धोती, साड़ी एवं लुंगी का वितरण किया गया। वहीं, कैरो प्रखंड में जन वितरण प्रणाली विक्रेता ब्रजकिशोर साहू द्वारा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की उपस्थिति में शेष स्टॉक का वितरण लाभुकों के बीच किया गया।

 

*खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को किया गया जागरूक, चना बीज का वितरण*

 

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में खेत बचाओ अभियान चलाया गया। भंडरा प्रखंड के पंडरिया गांव में फसल सुरक्षा योजना के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को बीज उपचार, कीट नियंत्रण, यांत्रिक विधि से फसल सुरक्षा तथा खेत एवं मिट्टी के संरक्षण की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में फसल सुरक्षा पदाधिकारी सुनीता लकड़ा एवं गीता सहित बीटीएम, एटीएम, कृषक मित्र एवं किसान उपस्थित रहे।

 

इसी क्रम में सदर प्रखंड के भुजनिया गांव में किसानों को मिट्टी जांच के महत्व एवं संतुलित उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। किसानों को बताया गया कि मिट्टी की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों का प्रयोग करने से फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहती है।

 

वहीं, मुर्कीतोड़ार पंचायत के मुर्की गांव में किसानों के बीच चना बीज किट का वितरण किया गया। भंडरा प्रखंड में भी खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को कृषि संबंधी जानकारी दी गई। अभियान के दौरान किसानों को कृषि विविधीकरण, दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती अपनाने तथा मृदा संरक्षण के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

*प्रखंड मुख्यालयों में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन*

 

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पशुपालन विभाग द्वारा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, देखभाल, रोगों से बचाव एवं बेहतर पशुपालन प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं। साथ ही पशुओं के स्वस्थ रखरखाव एवं पशुपालन को लाभकारी बनाने के प्रति पशुपालकों को जागरूक किया गया।

 

_झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण आजीविका एवं कृषि विकास के माध्यम से जिले में सतत एवं समावेशी विकास को गति प्रदान करना है।_

 

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment