Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में कन्वेयर बेल्ट हादसा, तीन श्रमिकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

काउंटर वेट टूटने से गिरा भारी स्ट्रक्चर, प्रत्येक मृतक के परिजन को 50 लाख रुपये सहायता देने पर बनी सहमति; सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग

टंडवा (चतरा)। टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में बुधवार को निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर कार्य के दौरान भीषण हादसा हो गया। इसमें तीन श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रारंभ में पांच श्रमिकों की मौत की सूचना सामने आई थी, लेकिन एनटीपीसी की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के काउंटर वेट के टूटने से भारी स्ट्रक्चर अचानक नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे श्रमिक आ गए। प्रारंभिक जानकारी में स्ट्रक्चर के डिजाइन में तकनीकी खामी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान: राजू सोनी, टंडवा, बबलू सिंह, जहानाबाद (बिहार), बालेश्वर पासवान, सिरसी (हजारीबाग)

घायलों की पहचान: तिलक गंझू, गोनंदा निवासी, रंजीत कुमार सिंह, औरंगाबाद (बिहार) निवासी, दोनों घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

बताया जाता है कि एनटीपीसी ने कन्वेयर बेल्ट निर्माण का कार्य मेसर्स थिसेनक्रुप को सौंपा था, जिसके अंतर्गत मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड के माध्यम से कार्य कराया जा रहा था। मृतक एवं घायल श्रमिक इन्हीं कंपनियों के अधीन कार्यरत थे। घटना पर एनटीपीसी प्रबंधन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है।

हादसे के बाद मृतक श्रमिकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने को लेकर एनटीपीसी प्रबंधन, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास, झामुमो जिलाध्यक्ष निलेश ज्ञासेन, पूर्व विधायक किशुन कुमार दास, अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव, थाना प्रभारी बिपिन कुमार एवं मृतक श्रमिकों के परिजनों के बीच वार्ता हुई। वार्ता के बाद एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने तथा दोनों घायलों का समुचित इलाज कराने पर सहमति बनी।

1980 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता वाली एनटीपीसी परियोजना में निर्माण कार्य के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार निर्माण कार्य के दौरान इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और भारी स्ट्रक्चर गिरने की नौबत क्यों आई, इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच जरूरी है। स्थानीय लोगों ने हादसे के जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।

भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment