*अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें : उपायुक्त*
=============
*जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध उत्खनन, ओवरलोडिंग एवं बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन पर कार्रवाई का निर्देश*
===============
लोहरदगा।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित बॉक्साइट माइंस, ईंट भट्ठा एवं क्रशर की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करते हुए सहायक खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी खनन इकाइयों की जांच करें। विशेष रूप से यह पता लगाएं कि कितनी इकाइयों का लीज समाप्त हो चुका है और इसके बावजूद वहां खनन कार्य संचालित किया जा रहा है। ऐसी इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि बिना तिरपाल से ढके खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही खनिज परिवहन में लगे सभी वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (VTS) लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। पोर्टल पर पंजीकृत वाहनों की संख्या का सत्यापन करते हुए जिन वाहनों में VTS नहीं लगा है, उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामलों पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को इस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, माइंस क्लोजर प्लान के अनुरूप खनन क्षेत्रों में निर्धारित कार्य किए जा रहे हैं या नहीं, इसकी भी जांच करने का निर्देश सहायक खनन पदाधिकारी को दिया गया।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा किया कि अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

_बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, सहायक खनन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।_





















Total Users : 1272603
Total views : 3142543