भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा का लें संकल्प : बजरंग करूवा
**बिरसा जयंती पर शंख नदी स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर जय श्रीराम समिति ने किया माल्यार्पण, गूंजे ‘बिरसा मुंडा अमर रहें’ के नारे**
**लोहरदगा।** धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर जय श्रीराम समिति, जिला लोहरदगा की ओर से शंख नदी स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर जिला अध्यक्ष बजरंग करूवा के नेतृत्व में माल्यार्पण की गई। इस दौरान उपस्थित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। ‘भगवान बिरसा मुंडा की जय’ और ‘बिरसा मुंडा अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बजरंग करूवा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा हम सभी के आदर्श और प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। समाज, धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति उनका प्रेम एवं समर्पण किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए संघर्ष किया। अपनी परंपरा, धर्म और संस्कृति को बचाने के लिए उन्होंने शस्त्र धारण कर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन किया। आज भी उनके हाथों में विराजमान शस्त्र उनके संघर्ष, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है। उनके विचार और बलिदान सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।
जिला संरक्षक लक्ष्मी भगत ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने ईसाई और अंग्रेजों के खिलाफ में आंदोलन छेड़ते हुए चाईबासा मिशन स्कूल छोड़ कर जल, जंगल और जमीन के अधिकार की लड़ाई लड़ी थी, उसके लिए आज भी उनके वंशज और आदिवासी समाज संघर्षरत हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार की उदासीनता के कारण मुंडा समाज सहित आदिवासी समुदाय के लोगों को आज भी अपेक्षित अधिकार और विकास का लाभ नहीं मिल पा रहा है। समाज के उत्थान, शिक्षा, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की दिशा में सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का समाज तभी साकार होगा, जब उनके अधिकारों और सम्मान की वास्तविक रक्षा होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
मौके पर जिला संरक्षक लक्ष्मी भगत, अजय सोनी, अनूप गुप्ता, जिला अध्यक्ष बजरंग करूवा, जिला महामंत्री चंदन साहू, जिला कोषाध्यक्ष विक्की कसेरा, जिला उपाध्यक्ष अनुज कुमार, संगठन मंत्री मनोज राम, बजरंग साहू, बालमुकुंद मुंडा,अमित साहू सहित काफी संख्या में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।




















Total Users : 1269461
Total views : 3137747