अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने उमड़े व्रती और श्रद्धालु; डीसी ने घाट की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं
चतरा। लोक आस्था के महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य पर नगर परिषद क्षेत्र के छठ तालाब घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं ने रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
उपायुक्त रवि आनंद ने ऐतिहासिक छठ तालाब घाट पहुंचकर आयोजन की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने और पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित करते हुए भव्य गंगा आरती का शुभारंभ किया। आकर्षक सजावट और रोशनी से सजे घाट पर आरती के दौरान भक्तिमय माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

उपायुक्त ने जिलेवासियों और व्रतियों को छठ की शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया से सबके जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ हमारी लोक संस्कृति, आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता तथा लोक परंपराओं के संरक्षण का संदेश देता है।
इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी शिशिर कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रेमचंद साहू, अंचल अधिकारी अनिल कुमार, वार्ड पार्षद दीपक वर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित थे।

















Total Users : 1269114
Total views : 3137246