तैतरीया मोड़ के पास शुक्रवार देर शाम हुआ हादसा; डीएसपी सुनील सिंह की वार्ता और प्रशासन से लिखित आवेदन मिलने के बाद शव हटाने को राजी हुए परिजन
मयूरहंड (चतरा)। मयूरहंड थाना क्षेत्र के तैतरीया मोड़ के समीप शुक्रवार देर शाम बोलेरो और स्कूटी की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गारूकुरहा गांव के संजू यादव (करीब 27 वर्ष), पिता व्यास यादव और मिथुन ठाकुर (करीब 27 वर्ष), पिता सुबोध ठाकुर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक स्कूटी (JH02BX5213) से करमा से अपने घर गारूकुरहा लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो (JH13G1146) से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल को प्रशासन के सहयोग से इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर इटखोरी-हजारीबाग मुख्य सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी हुई।
सूचना पर मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे, बीडीओ मनीष कुमार और इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मांगों पर अड़े रहे। शनिवार को करीब 18 घंटे जाम रहने के बाद चतरा डीएसपी सुनील सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता की। प्रशासन की ओर से लिखित आवेदन दिए जाने के बाद परिजन शव हटाने को राजी हुए। इसके बाद शव हटाए गए और सड़क पर आवागमन बहाल हुआ। एक ही गांव के दो युवकों की असामयिक मौत से गारूकुरहा में मातम पसरा है।




















Total Users : 1268134
Total views : 3135784