आठ दिन पहले से चलता है सफाई अभियान; सवाल- कचरा फेंकने की आदत कब छूटेगी, सामूहिक नियम बनाने और 365 दिन स्वच्छता का संकल्प लेने की जरूरत
प्रतापपुर (चतरा)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर इन दिनों गांवों, कस्बों और शहरों में साफ-सफाई का विशेष अभियान दिख रहा है। लोग घरों, गलियों, सड़कों, नालियों और छठ घाटों को स्वच्छ बनाने में जुटे हैं। पर्व शुरू होने से करीब आठ दिन पहले ही सफाई का सिलसिला तेज हो जाता है, ताकि व्रतियों को पूजा और अर्घ्य में परेशानी न हो।
यह सराहनीय पहल है, लेकिन सवाल यह भी है कि स्वच्छता के प्रति यह जागरूकता साल में एक ही बार क्यों दिखती है। जिन सड़कों, गलियों और नालियों को आज लोग घंटों मेहनत कर साफ कर रहे हैं, उन्हीं जगहों पर कुछ लोग सालभर कचरा फेंकते रहते हैं।
संकल्प की जरूरत: अभियान में हिस्सा ले रहे लोग क्या छठ के बाद भी अपने घर, दरवाजे, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने का संकल्प नहीं ले सकते? क्या मोहल्ले और गांव के लोग मिलकर ऐसा सामाजिक नियम नहीं बना सकते कि कोई सार्वजनिक स्थान पर कचरा न फेंके? जरूरत पड़ने पर गंदगी फैलाने वालों को चिह्नित कर सामूहिक रूप से समझाया जाए और जानबूझकर ऐसा करने वालों का सामाजिक स्तर पर विरोध भी हो। स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सफाई करने वालों की नहीं, हर नागरिक की है।
छठ शुद्धता, पवित्रता और अनुशासन का संदेश देता है। इसकी बड़ी सीख यही है कि केवल घाट ही नहीं, सोच और आदतें भी स्वच्छ हों। सफाई से ज्यादा जरूरी है गंदगी न फैलाना। यदि हर व्यक्ति रोज अपने आसपास की सफाई की जिम्मेदारी निभाए, तो साल में एक बार विशेष अभियान चलाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। इस छठ पर केवल घाट-गलियां साफ करने का नहीं, बल्कि साल के 365 दिन स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की गई है, क्योंकि स्वच्छता किसी एक पर्व की तैयारी नहीं, बल्कि सभ्य समाज की पहचान है।
















Total Users : 1266612
Total views : 3133594