द्वारी पंचायत के वार्ड 15 की समस्या; अतिक्रमण से भी प्रभावित जलापूर्ति, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता पर उठे सवाल
गिद्धौर (चतरा) | चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत द्वारी पंचायत के वार्ड नंबर 15 में सरकारी जलमीनार के खराब होने से ग्रामीणों के लिए जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। इसके लिए ग्रामीण विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
छठ पर्व पर बढ़ी मुसीबत
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि छठ जैसे महापर्व के दौरान सरकारी जलमीनार का खराब पड़ा रहना उनके लिए बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ है। घरों में साफ-सफाई से लेकर पूजा-अर्चना तक के लिए पानी की अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन जलमीनार खराब होने से महिलाएं और बच्चे दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक को इस समस्या से कोई फर्क पड़ता नहीं दिख रहा है, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश है।
अतिक्रमण का भी सामना
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या केवल जलमीनार खराब होने तक ही सीमित नहीं है। पंचायत क्षेत्र में कई ऐसे जलमीनार हैं, जो अतिक्रमण की भेंट चढ़ गए हैं। इस कारण भी पेयजल की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार मामले की शिकायत संबंधित विभाग से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
डीसी से लगाई गुहार
बढ़ती परेशानी और प्रशासन की उदासीनता के बीच ग्रामीणों ने जिले के उपायुक्त (डीसी) से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की है कि द्वारी पंचायत के सभी खराब जलमीनारों का जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को पीने के साफ पानी की सुविधा मिल सके और उन्हें भटकना न पड़े।
















Total Users : 1266612
Total views : 3133594